आईईटी, डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय में एफडीपी कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन
गोरखपुर, 25 मार्च (हि.स.)। इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी), दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा “फ्यूजन फंडामेंटल्स: एआई-ड्रिवन डिज़ाइन टू मैन्युफैक्चरिंग” विषय पर एक सप्ताह का हैंड्स-ऑन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) 20 से 25 मार्च 2026 तक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ऑनलाइन एवं ऑफलाइन (हाइब्रिड मोड) दोनों माध्यमों से संचालित हुआ।
इस उद्योगोन्मुखी एफडीपी में देशभर के 31 इंजीनियरिंग कॉलेजों से 100 से अधिक शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की। इंडस्ट्री 4.0 के अनुरूप तैयार इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों की एआई-आधारित डिजाइन, सिमुलेशन तथा उन्नत विनिर्माण प्रक्रियाओं में दक्षता विकसित करना था।
कार्यक्रम का मुख्य केंद्र Autodesk Fusion रहा, जो एक उन्नत एआई-आधारित क्लाउड प्लेटफॉर्म है, जिसमें CAD, CAM एवं CAE जैसी तकनीकों का एकीकृत उपयोग किया जाता है। Autodesk, जो डिजाइन एवं निर्माण तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी संस्था है, शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हुए छात्रों एवं शिक्षकों को उद्योग-संबंधित सॉफ्टवेयर एवं संसाधन उपलब्ध करा रहा है, जिससे अकादमिक और उद्योग के बीच की खाई को पाटने में सहायता मिल रही है।
एफडीपी के सफल प्रतिभागियों को Autodesk ग्लोबल सर्टिफिकेट प्रदान किया गया, जो उनकी डिजिटल डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग में दक्षता को प्रमाणित करता है। यह प्रमाणपत्र प्रो. हिमांशु पांडेय (डीन, एफओईटी) एवं प्रो. एस.एन. तिवारी (प्रोफेसर इंचार्ज) द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख संसाधन व्यक्तियों के रूप में डॉ. निशा सिंह एवं डॉ. सैगीता प्रियदर्शिनी (Autodesk) ने अपने विशेषज्ञ व्याख्यानों एवं प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राहुल कुमार (विभागाध्यक्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग) के संयोजन में किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम Twintech Engineering & Design Technology Pvt. Ltd. के सहयोग से आयोजित किया गया, जो Autodesk का अधिकृत प्रशिक्षण प्रदाता है। वर्ष 2007 में स्थापित यह ISO-प्रमाणित कंपनी विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान करती है तथा Jharkhand University of Technology (JUT), OSDA, World Skill Center (WSC), डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं टीएमयू मुरादाबाद जैसे संस्थानों के साथ शैक्षणिक साझेदारी रखती है। भुवनेश्वर स्थित यह संस्था कौशल विकास एवं उद्योग-संबद्ध शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से विश्वविद्यालय में नवाचार एवं तकनीकी शिक्षा को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

