लूट की सूचना पर जांच में नया मोड़, अधिकांश जेवर-नगदी घर में ही मिली

WhatsApp Channel Join Now
लूट की सूचना पर जांच में नया मोड़, अधिकांश जेवर-नगदी घर में ही मिली


हमीरपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिंवार थाना क्षेत्र के निवादा गांव में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर करीब 9 लाख रुपये की लूट की सूचना से गुरुवार को इलाके में हड़कम्प मच गया। हालांकि पुलिस जांच में मामला नया मोड़ लेता नजर आ रहा है।

पीड़िता अहिल्या पत्नी गणेश प्रसाद के अनुसार, बुधवार की देर रात तीन अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद घर में रखे साढ़े चार लाख रुपये के जेवर और साढ़े चार लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए। उस समय उनका बेटा और बहू दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि वह गैलरी में लेटी थीं। वारदात के बाद किसी तरह अहिल्या ने खुद को खिसकाते हुए बेटे-बहू को जगाया। पुत्र पवन कुमार ने बताया कि मां को बंधा देख वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने बताया कि घर में रखी नगदी मकान निर्माण के लिए रखी गई थी। रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बिंवार थाना पुलिस व फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची।

क्षेत्राधिकारी मौदहा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

एसपी के अनुसार, प्रारम्भिक जांच में अधिकांश गहने व नगदी पीड़ित के घर पर ही प्राप्त हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने घटना के अनावरण के लिए टीम गठित कर दी है।

पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story