दोना-पत्तल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल हुआ राख
मथुरा, 26 मई (हि.स.)। महोली रोड स्थित इंडस्ट्रीज क्षेत्र में दोना-पत्तल बनाने की फैक्ट्री में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सेना की मदद से ढाई घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से आसपास के कई मकानों में दरार आ गई है।
फैक्ट्री कृष्णा नगर निवासी दिनेश खंडेलवाल की बताई जा रही है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री इम्पेक्स इंडस्ट्रीज फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के अंदर रखे थर्माकोल और अन्य ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। आसमान में काला धुंआ देख सेना क्षेत्र के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अपने पानी के टैंकर मौके पर भेज दिए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इसके अलावा रिफाइनरी से भी एक फायर टेंडर बुलाया गया। कुल नौ वाहनों और दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। शाम करीब साढ़े सात बजे तक आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को इंडस्ट्रीज एरिया में दोना पत्तल बनाने की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलने के बाद अधिकारी और फायर ब्रिगेड विभाग और आर्मी की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। लाखों रुपये का नुकसान हुआ हैै। पुलिस और फायरबिग्रेड की टीम जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

