चोरी के शक में राजमिस्त्री ने साथी मिस्त्री को पीट-पीट कर मारा डाला

WhatsApp Channel Join Now
चोरी के शक में राजमिस्त्री ने साथी मिस्त्री को पीट-पीट कर मारा डाला


नोएडा, 14 सितंबर (हि.स.)। थाना सूरजपुर के जीटा- 2 सेक्टर में निर्माणाधीन एक मकान में काम करने वाले एक राज मिस्त्री को दूसरे राज मिस्त्री ने उसकी जेब से पैसे निकालने के शक में पीट दिया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी। उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि गणेश (35 ) पुत्र परशुराम मूल निवासी जनपद महाराजगंज ग्रेटर नोएडा के जीटा- दो सेक्टर में एक निर्माणाधीन मकान में रहकर टाइल लगाने का काम कर रहे थे। उनके साथ ही रामसहाय निवासी जनपद अंबेडकर नगर भी टाइल लगाने का काम करता था। दोनों आपस में दोस्त थे। रात को रामसहाय को शक हुआ कि गणेश ने उसकी जेब से पैसे निकाल लिए हैं। इस बात को लेकर दोनों में देर रात को विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि राम सहाय ने गणेश के साथ मारपीट की तथा उसका सिर दीवार से लग गया। कुछ देर बाद राम सहाय सोने चला गया। उसे लगा कि गणेश भी सो गया है। लेकिन वह मूर्छित हो गया था। सोमवार सुबह के समय मकान मालिक जब आए तो उन्होंने देखा कि दोनों सो रहे हैं। जब उन्होंने देखा कि गणेश बेहोश पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है तो उन्होंने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान आज रात को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story