सड़क हादसे में मजदूर की इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सुरौली थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम सड़क हादसे में घायल मजदूर की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज देवरिया में मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, श्याम लाल चौहान (55 वर्ष), निवासी कोइलगढ़हा, थाना सुरौली, मजदूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोइलगढ़हा के पास एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद कतरारी के पूर्व प्रधान व वर्तमान में मैरेज हॉल के मालिक विपिन मिश्रा ने मानवता दिखाते हुए अपनी गाड़ी रोककर घायल को तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। हालांकि उपचार के दौरान श्याम लाल चौहान की मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में थानेदार राकेश राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story