देवरिया सदर ब्लॉक में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
देवरिया, 11 अगस्त (हि.स.)। ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देवरिया सदर ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवरिया सदर ब्लॉक प्रमुख पवन कुमार गुप्त उर्फ पिंटू जायसवाल मौजूद रहे। यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद शाही, देवरिया देहात मंडल अध्यक्ष राजन यादव, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजन सोनकर और पूर्व मंडल अध्यक्ष देवरिया देहात अरविंद चौहान ने भी सहभागिता की।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजनों से युवाओं और आम लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने अनुशासन के साथ हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निर्धारित मार्ग पर यात्रा की। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

