वृंदावन-मथुरा की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का महाप्लान

WhatsApp Channel Join Now
वृंदावन-मथुरा की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का महाप्लान


4 विशेष टीमें करेंगी अतिक्रमण और अवैध पार्किंग का सफाया

5 से ज्यादा चालान पर ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन होगा निरस्त

मथुरा, 01 जून(हि.स.)। धर्मनगरी वृंदावन और मथुरा में लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की आमद के बीच यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारू बनाने के लिए सोमवार को एक बेहद महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक सोमवार देरसायं संपन्न हुई। वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के परिसर में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित इस बैठक में शासन और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने ट्रैफिक सुधार को लेकर कई कड़े और बड़े फैसले लिए।

बैठक उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, एडीजी सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि वृंदावन की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए तत्काल 04 विशेष टीमें गठित की जाएं। इन टीमों में पुलिस, नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग और स्थानीय समाजसेवियों को शामिल किया जाएगा। पहली टीम छटीकरा चौराहा से रमण रेती चौकी तक। दूसरी टीमरू रमण रेती चौकी से जुगल घाट तक। तीसरी टीम रमण रेती चौकी से केशी घाट तक। चौथी टीम परिक्रमा मार्ग के अन्य सभी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेगी।

इन टीमों का एकमात्र लक्ष्य अपने-अपने आवंटित रूटों पर निरंतर अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाना, अवैध निर्माण व कब्जों को हटाना, अनाधिकृत पार्किंग पर कड़ा एक्शन लेना और गलत तरीके से खड़े वाहनों का तत्काल चालान कर उन्हें मौके से हटाना होगा।

अवैध ई-रिक्शा पर बड़ा एक्शन, निरस्त होगा पंजीकरण

यातायात में सबसे बड़ी बाधा बन रहे ई-रिक्शा को लेकर डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय ने कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत को निर्देशित किया कि जिन ई-रिक्शा चालकों के 5 बार चालान हो चुके हैं, उन्हें तत्काल नोटिस थमाया जाए। वहीं, 5 से अधिक बार चालान वाले अवैध या अनाधिकृत ई-रिक्शा का पंजीकरण निरस्त करने की विधिक कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए। इसके साथ ही मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सड़कों को रेहड़ी, पटरी और ठेलों से मुक्त कराकर उन्हें निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।

रोजाना होगी समीक्षा, लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी

अपर पुलिस महानिदेशक सुवेंद्र कुमार भगत ने निर्देश दिए कि इन चारों टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। अभियानों की फोटो युक्त रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर लेते हुए तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इन चारों टीमों के कड़े सुपरविजन (निगरानी) की जिम्मेदारी अपर नगर मजिस्ट्रेट (वृंदावन) राजकुमार चौधरी और क्षेत्राधिकारी सदर पी.पी. सिंह को सौंपी है।

बैठक में मौजूद रहा पूरा प्रशासनिक अमला

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, सीएमओ डॉ. राधावल्लभ, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, एमवीडीए सचिव आशीष कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त सी.पी. पाठक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story