देवरिया पुलिस लाइन में 17 प्लाटूनों की पासिंग आउट परेड, 485 महिला रिक्रूट्स ने दिखाया कौशल

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में 485 महिला रिक्रूट कांस्टेबलों की पासिंग आउट परेड रविवार को गरिमामय और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल रहीं, जिन्होंने परेड की सलामी लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उनका स्वागत किया और परेड का निरीक्षण कराया।

पासिंग आउट परेड में शामिल कुल 485 महिला रिक्रूट्स में 185 बहराइच, 123 महाराजगंज और 177 देवरिया जनपद की थीं। परेड का नेतृत्व फर्स्ट-इन-कमाण्ड विभा तिवारी ने किया, जबकि सेकेंड-इन-कमाण्ड शन्नो और थर्ड-इन-कमाण्ड किरन यादव रहीं। परेड में कुल 17 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया। सभी प्लाटूनों ने शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत करते हुए अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण की उच्च गुणवत्ता का प्रदर्शन किया। प्लाटून कमांडरों ने अपनी-अपनी टुकड़ियों का कुशल नेतृत्व करते हुए कार्यक्रम को आकर्षक और प्रभावशाली बनाया।

कार्यक्रम की मुख्य झलकियों में सभी प्लाटूनों का सुसंगठित मार्च-पास्ट प्रमुख रहा। महिला रिक्रूट्स ने कठिन प्रशिक्षण के बाद अपने कौशल, आत्मविश्वास और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए रिक्रूट्स को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को पुरस्कृत किया गया। शारीरिक प्रशिक्षण में सविता यादव, शस्त्र प्रशिक्षण में स्वाति सिंह, भीड़ नियंत्रण में अंकिता तिवारी और सर्वांग सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए रश्मि सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ललिता पाल, राधा सरोज, अस्मिता पाण्डेय और काजल वर्मा को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रशिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आईटीआई शशिकिरण कुशवाहा और पीटीआई मुकेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ बाह्य प्रशिक्षक तथा निरीक्षक अरविंद यादव को सर्वश्रेष्ठ अंतःविषय प्रशिक्षक का पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया, बल्कि पुलिस सेवा में उनकी बढ़ती भागीदारी को भी मजबूती से दर्शाया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story