गोरखपुर में आस्था का महापर्व: भारत सेवाश्रम संघ में 19वें वार्षिक महोत्सव का शुभारंभ 24 मार्च से

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 23 मार्च (हि.स.)। शहर के दाउदपुर स्थित भारत सेवाश्रम संघ परिसर में 24 मार्च से प्रारंभ होने वाले 19वें वार्षिक महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बसंती दुर्गापूजा, रामनवमी एवं अन्नकूट उत्सव के इस चार दिवसीय आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और आयोजन स्थल को भव्य आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया गया है।

महाषष्ठी से होगा महोत्सव का शुभारंभ

24 मार्च को महाषष्ठी के अवसर पर सायंकाल लगभग 7:13 बजे श्री श्री बसंती देवी की पूजा से होगा। इसके तहत कलश स्थापना, आमंत्रण एवं अधिवास जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। इसके पश्चात प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल मां भगवती की आरती, श्री गुरुजी एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि एवं दीक्षा कार्यक्रम आयोजित होंगे।

सप्तमी से नवमी तक विशेष पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला

25 मार्च को महासप्तमी के अवसर पर प्रातः 8:43 बजे तक नवपत्रिका प्रवेश एवं विधिवत पूजा होगी। सायंकाल 7 बजे मां की आरती एवं रात्रि 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 मार्च को महाअष्टमी के दिन सुबह 10 बजे पुष्पांजलि, अपराह्न 2:06 बजे से 2:54 बजे तक संधि पूजा तथा सायंकाल 7 बजे मां एवं गुरुजी की महाआरती होगी। 27 मार्च को महानवमी एवं रामनवमी के अवसर पर मध्याह्न 12:21 बजे तक नवमी पूजा एवं व्रत समापन, साथ ही अन्नकूट उत्सव, कुमारी पूजन, हवन एवं महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

महादशमी पर निकलेगी भव्य विसर्जन शोभायात्रा

महोत्सव का समापन 28 मार्च को महादशमी के अवसर पर होगा। इस दिन पूर्वाह्न 10:27 बजे तक दशमी पूजा संपन्न कर दोपहर 2 बजे सिंदूर उत्सव एवं भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस महोत्सव में सहभागिता कर मां दुर्गा एवं भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story