मघेरा वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धा का सैलाब, हनुमानजी को अर्पित किया 56 भोग

WhatsApp Channel Join Now
मघेरा वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धा का सैलाब, हनुमानजी को अर्पित किया 56 भोग


मथुरा, 02 अप्रैल (हि.स.)। गुरुवार काे छटीकरा-राधाकुंड मार्ग स्थित सुप्रसिद्ध मुघेरा वाले हनुमान जी मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव का पर्व इस वर्ष अत्यंत दिव्य और अलौकिक रूप में मनाया गया। भक्ति और शक्ति के संगम के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने पवनपुत्र के चरणों में शीश नवाया। मंदिर परिसर में हनुमान जी का बहुत ही भव्य श्रृंगार किया गया और देरशाम उन्हें 56 भोग अर्पित किए गए।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बजरंग बली का स्वर्ण वर्क, मेवे और ताजे फूलों से अद्भुत श्रृंगार किया गया। मंदिर को भव्य बिजली की लड़ियों और देसी-विदेशी फूलों से सजाया गया था। इस दौरान मंदिर प्रांगण में एक साथ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बैठकर सामूहिक हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। शंखध्वनि और घंटों की गूँज के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। पूरा क्षेत्र ’बजरंग बली की जय’ के नारों से भक्तिमय हो गया। महंत मोनी बाबा ने उपस्थित भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि हनुमान जी कलियुग के जागृत देव हैं। उन्होंने कहा हनुमान जी का जीवन हमें अनुशासन और निस्वार्थ सेवा की सीख देता है। आज मुघेरा वाले हनुमान जी के दरबार में भक्तों की यह भारी उपस्थिति सिद्ध करती है कि धर्म और आस्था ही समाज को जोड़ने का सबसे बड़ा सूत्र है।

प्रसाद वितरण और भंडारा

धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहूति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर मार्ग पर लंबी कतारों में खड़े होकर हजारों श्रद्धालुओं ने हनुमान जी का दिव्य प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्थाओं को संभालने के लिए स्थानीय युवा और सेवादार मुस्तैद रहे। देर शाम तक चले इस उत्सव ने छटीकरा-राधाकुंड मार्ग को पूरी तरह राममय बना दिया। क्षेत्रीय लोगों ने इस आयोजन की दिव्यता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस मौके पर वीरेंद्र पुजारी, पवन पुजारी, नरेंद्र कृष्ण गौतम, दीपदास, नरेश, कान्हा, संजय, रमन लाल बघेल, श्यामलाल दास, केशवदास आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story