जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन


देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की बरसी पर बुधवार को शहर के मालवीय रोड स्थित सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर हमले में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वातावरण पूरी तरह गमगीन रहा और सभी ने एकजुट होकर शहीदों को याद किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं मानवता के खिलाफ हैं और समाज को आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीद नागरिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और उनके साहस व आदर्शों को सदैव याद रखा जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और शहीदों की यादें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ‘राकेश’, भरत मणि त्रिपाठी, सुनील कुमार तिवारी, संजीव कुमार मिश्रा, मिर्जा खुर्शीद, जवाहरलाल बरनवाल, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, शिव शंकर सिंह, सुनील यादव, ऋषभ शुक्ला, विनोद त्रिपाठी, धनंजय यादव, संदीप पांडेय सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story