बीएएमएस के विद्यार्थियों ने ली कैडेवरिक ओथ, चिकित्सा नैतिकता के पालन का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
बीएएमएस के विद्यार्थियों ने ली कैडेवरिक ओथ, चिकित्सा नैतिकता के पालन का संकल्प


गोरखपुर, 06 मई (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के गुरु गोरक्षनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आयुर्वेद कॉलेज) में संस्कृत समिति और रचना शरीर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बीएएमएस (बैच 2025) प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कैडेवरिक ओथ सेरेमनी का आयोजन किया गया।

आचार्य साध्वी नंदन पांडेय और डॉ. दीपू मनोहर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना, कैडेवरिक श्लोक पाठ तथा आचार्य सुश्रुत के जीवन पर आधारित प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों द्वारा भगवद्गीता के श्लोकों की सामूहिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया। इस अवसर पर रचना शरीर विभाग के अध्यक्ष डॉ. दीपू मनोहर ने कैडेवर डिसेक्शन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में अनुशासन एवं समर्पण के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रथम वर्ष बीएएमएस विद्यार्थियों ने कैडेवर डिसेक्शन हेतु शपथ ग्रहण की तथा मानव शरीर के प्रति सम्मान और चिकित्सा नैतिकता का पालन करने का संकल्प लिया। आभार ज्ञापन डॉ. ब्रह्मदेव भारती ने किया। कार्यक्रम में डॉ. शांति भूषण, डॉ. नवीन, डॉ. विनम्र शर्मा, डॉ. प्रज्ञा सिंह, डॉ. अमृता पाल आदि की सक्रिय सहभागिता रही।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story