एपीओ की सह पर मनरेगा की हाजिरी में चल रहा बड़ा खेल
ब्लॉक के सभी पंचायतों में हो रहा घोटाला
हमीरपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एपीओ मनरेगा की मिली भगत से ब्लाक की सभी पंचायतों में मजदूरों की हाजिरी बड़ा खेल खेला जा रहा है। एपीओ सब कुछ देखने के बाद आंखें बंद करके मौन सहमति दिए हुए हैं। मामला उजागर होने पर अपने बचाव में कार्य को शून्य घोषित कर देते हैं।
सुमेरपुर ब्लाक की सभी पंचायत में मनरेगा योजना के कार्यों में मजदूरों की हाजिरी में बड़ा खेल चल रहा है। मास्टर रोल में मजदूरों की अपलोड होने वाली फोटो में मजदूरों की संख्या कुछ और होती है और हाजिरी की संख्या कुछ और होती है। ऐसा एक दिन नहीं प्रतिदिन होता है। शनिवार को ग्राम पंचायत पलरा में अपलोड की गई फोटो में कुछ ऐसा ही अंतर नजर आया। फोटो और मस्टर रोल की हाजिरी में महिला पुरुष के हाजिरी का फर्क भी नहीं देखा जाता है और हाजिरी चढ़ाकर वेबसाइट में अपलोड कर दी जाती है। शुक्रवार को ऐसा ही हाल ग्राम पंचायत सौंखर में किया गया था यहां पांच घंटे में मजदूर ही बदल गए थे। यही सिलसिला सभी पंचायतों में प्रतिदिन चलता है। शनिवार को खंड विकास अधिकारी आशीष कटियार ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

