निरोगी काया के लिए संतुलित जीवनशैली जरूरी : प्रो. राकेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
निरोगी काया के लिए संतुलित जीवनशैली जरूरी : प्रो. राकेश सिंह


जौनपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीवनशैली संबंधी रोगों का प्रबंधन एवं रोकथाम’ विषय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं उनके परिवारजनों सहित 130 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही व्यक्ति की कार्यक्षमता तथा गुणवत्तापूर्ण जीवन की बुनियाद हैं। बदलती जीवनशैली के कारण असंतुलित खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता और तनाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में बीमारियों के उपचार से अधिक जरूरी है कि उनके जोखिम को समय रहते पहचानकर दिनचर्या में आवश्यक सुधार किया जाए। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा और शोध का केंद्र नहीं, बल्कि शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे शिविर विश्वविद्यालय परिवार को स्वस्थ और सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिविर में वैद्य डॉ. जितेंद्र कुमार मिश्र, सहायक आचार्य, शकुंतला आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, जौनपुर के नेतृत्व में टीम ने ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बीएमआई और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्राकृतिक चिकित्सा के अंतर्गत नाड़ी परीक्षण भी किया गया। प्रतिभागियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, उचित दिनचर्या और तनाव प्रबंधन के संबंध में परामर्श दिया गया।

कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक विश्वविद्यालय परिवार ही संस्थान की प्रगति में प्रभावी योगदान दे सकता है।शिविर का आयोजन एवं समन्वय डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने किया। विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. पुनीत सिंह ने स्वास्थ्य परीक्षण में सहयोग किया। इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story