प्रयागराज में 17 मई को आयोजित होगा एएमए-सीजीपी 2026 सेमिनार

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में 17 मई को आयोजित होगा एएमए-सीजीपी 2026 सेमिनार


प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी एएमए-सीजीपी 2026 सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। सेमिनार का 17वां संस्करण 17 मई 2026 को दोपहर दो बजे एएमएसीसी प्रांगण में आयोजित होगा। यह जानकारी शुक्रवार को आईएमए हाल में मीडिया से आईएमए प्रयागराज के सीजीपी चेयरमैन डॉ. राजेश मौर्य तथा सहायक सचिव डॉ. सुनील सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि सेमिनार की अध्यक्षता एएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्र करेंगे। इस अवसर पर पूर्व एएमए अध्यक्ष डॉ. जेपी राय, आईएमए प्रयागराज के सीजीपी चेयरमैन डॉ. राजेश मौर्य तथा सहायक सचिव डॉ. सुनील सिंह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रयागराज के वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. गुलाब सोनी करेंगे।

वैज्ञानिक कार्यक्रम में न्यूरोलॉजी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। इसमें पार्किंसन रोग एवं उससे मिलते-जुलते लक्षणों वाले रोगों के प्रबंधन, परिधीय न्यूरोपैथी, एमआरजीएफयूएस तकनीक, हाइपर काइनेटिक मूवमेंट डिसऑर्डर तथा बोटुलिनम टॉक्सिन की भूमिका जैसे विषय शामिल रहेंगे।

इसके अतिरिक्त माइग्रेन प्रबंधन, दृष्टिकोण आधारित चिकित्सा तथा ‘फ्रोजन शोल्डर : वह बात जो कोई आपको नहीं बताता’ विषय पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

सेमिनार का संचालन एएमए की वैज्ञानिक सचिव डॉ. अनुभा श्रीवास्तव करेंगी। आयोजन में डॉ. अनुप चौहान, डॉ. अशुतोष कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story