लखनऊ दूरदर्शन केंद्र के पूर्व सहायक निदेशक अनिल श्रीवास्तव नहीं रहे

लखनऊ दूरदर्शन केंद्र के पूर्व सहायक निदेशक अनिल श्रीवास्तव नहीं रहे


लखनऊ, 23 नवम्बर ( हि.स.)। लखनऊ दूरदर्शन केंद्र के पूर्व सहायक निदेशक अनिल श्रीवास्तव का बुधवार को निधन हो गया। दोपहर को उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वहां मौजूद डीडी लखनऊ व उनके करीबी रिश्तेदारों, इष्टमित्रों एवं कलाकारों ने अंतिम विदाई दी।

स्व. अनिल श्रीवास्तव के पुत्र शाश्वत श्रीवास्तव से मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के चंदन हास्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान ही बुधवार की सुबह छह बजकर तीस मिनट पर अंतिम श्वास ली। वह 72 साल के थे। भैसाकुण्ड श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

लखनऊ दूरदर्शन केंद्र के वरिष्ठ आत्म प्रकार मिश्र ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि वह बड़े हंसमुख मिजाज व्यक्ति थे, सेहत के प्रति बहुत सचेत रहते थे। बताया कि उनके साथ 15 साल काम किया। उन्होंने बहुत अच्छे कार्यक्रम बनाए। दर्शकों ने पंसद भी किए। वह प्रोड्यूसर भी रहे थे।

वरिष्ठ रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता डॉ अनिल रस्तोगी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके समय में दूरदर्शन के स्तरीय प्रोग्राम बने। शहर के कलाकारों में उनके लिए दुख है।

लखनऊ केंद्र की ही वरिष्ठ अधिकारी रमा अरुण त्रिवेदी ने बताया कि चूंकि वह हमारे पड़ोस में रहते हैं, इसलिए उनके घर भी आना-जाना रहा है। अनिल ने स्पोर्ट्स की कवरेज खूब की है। उसमें उनकी अच्छी पकड़ रही है। इसके अलावा दूसरे प्रोग्राम भी बनाए है।

लखनऊ केंद्र में पूर्व में काम कर चुके आरडी सिंह ने बताया कि हमारा उनका साथ काफी रहा है। वह हमने सीनियर थे। जब से दूरदर्शन बना है तभी से हम दोनों का साथ रहा है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्पोर्ट्स कवरेज खूब दी। उस पर उनकी पकड़ थी। ड्रामा भी प्रोड्यूस किए।

हिन्दुस्थान समाचार/शैलेंद्र

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story