नियुक्ति पत्र पाकर 82 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के खिले चेहरे
हमीरपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में महिला एवं बाल विकास को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सोमवार को 82 नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें सुमेरपुर ब्लॉक की 50 एवं कुरारा ब्लॉक की 32 सहायिकाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारम्भिक शिक्षा की आधारशिला हैं। शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों को समुचित पोषण मिलना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
सदर विधायक डॉ.मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग माताओं और बच्चों के कल्याण से सीधे जुड़ी होती हैं। कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं बच्चों के समुचित पोषण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जलीस खान, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

