मुरादाबाद जनपद में बाढ़ से निपटने को आठ नोडल अधिकारी तैनात
मुरादाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। रामगंगा का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए बुधवार को नोडल अफसरों की तैनाती कर दी गई है। 24 बाढ़ शरणालय बनाए गए हैं। सदर तहसील क्षेत्र में सबसे ज्यादा 15 शरणालय बनाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश और बिजनौर जिले की खो नदी के बैराज से छोड़ गए पानी से रामगंगा का जलस्तर शनिवार को बढ़ गया था। हालांकि अब जलस्तर में कमी आ गई है। लेकिन संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है।
उन्हाेंने बताया कि चारों तहसीलों में नोडल अधिकारियों की तैनाती कर उनकी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। सदर तहसील क्षेत्र में 15, कांठ क्षेत्र में 2, ठाकुरद्वारा क्षेत्र में 4 और बिलारी तहसील क्षेत्र में 3 शरणालय बनाए गए हैं।
इन्हें बनाया गया है नोडल
सदर तहसील क्षेत्र में नायब तहसीलदार सूरजप्रताप सिंह, अनिल कुमार मिश्रा, आशुतोष सिंह, आकांक्षा सक्सेना, कांठ तहसील क्षेत्र में तहसीलदार राजकुमार सिंह, ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में नायब तहसीलदार लोकेश कुमार, दुष्यंत कुमार, बिलारी तहसील क्षेत्र में अभिनय कुमार को नोडल बनाया गया है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

