रक्षाबंधन से पहले 700 किलो खोया और 150 लीटर मिल्क नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन से पहले 700 किलो खोया और 150 लीटर मिल्क नष्ट


कानपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार और रखे गए खोये को नष्ट कराया गया है। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह बातें बुधवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने कहीं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रक्षाबंधन से पहले आज खोया और दुग्ध उत्पादों के खिलाफ अभियान चलाकर दो स्थानों पर कार्रवाई की। घाटमपुर के परास में गंदगी के बीच तैयार हो रहा 200 किलो खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट कराया गया। वहीं, गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के आउटर पर इटावा-कानपुर पैसेंजर से लाया गया 500 किलो बदबूदार खोया मिला। दोनों जगह नष्ट कराई गई सामग्री की कीमत करीब 2.47 लाख रुपये है।

परास में टीम ने सत्येंद्र सिंह के यहां छापा मारा। मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर घोलकर खोया तैयार किया जा रहा था। निर्माण और भंडारण स्थल पर सफाई की स्थिति खराब थी। कई दिन पुराना खोया खुले में रखा था और उस पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। टीम ने 200 किलो खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट कराया। इनके साथ स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस कार्रवाई में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश यादव के साथ नरेंद्र शर्मा, कयामुद्दीन और किरण यादव शामिल रहे।

उधर, विभाग को सूचना मिली कि इटावा-कानपुर पैसेंजर से बड़ी मात्रा में खोया कानपुर लाया जा रहा है। खाद्य सचल दल गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में पहुंचा तो बारिश के बीच सड़क किनारे गंदी बोरियों में करीब 500 किलो खोया पड़ा मिला। टीम को देखते ही वहां मौजूद दो लोग मौके से भाग गए।

आसपास के लोगों ने बताया कि खोया ट्रेन से उतारा गया था और उसे ऑटो में ले जाने की तैयारी थी। टीम ने काफी देर तक खोये पर दावा करने वाले व्यक्ति का इंतजार किया, लेकिन कोई सामने नहीं आया। बारिश और गंदगी के बीच रखे खोये से दुर्गंध आ रही थी। प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के योग्य नहीं पाए जाने पर करीब 1.75 लाख रुपये कीमत का 500 किलो खोया गोविंद नगर स्थित कूड़ा निस्तारण स्थल पर नष्ट कराया गया।

विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई, दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story