6 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा भाजपा का स्थापना दिवस
फर्रुखाबाद,31 मार्च (हि.स.)।आवास विकास कॉलोनी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में मंगलवार को जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में 6 अप्रैल को होने वाले पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस को इस बार सेवा भाव के रूप में मनाया जाएगा। 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला कार्यालय को सजाया जाएगा, जबकि 6 अप्रैल को ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण, प्रदर्शनी और उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे तथा बूथ स्तर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 6 व 7 अप्रैल को बूथों पर संगोष्ठी भी आयोजित होगी।
बैठक में बताया गया कि 7 से 12 अप्रैल तक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे, जबकि 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया, वहीं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने इसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक अवसर बताया। संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस दौरान कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

