जर्जर मकान ढहने से बुजुर्ग महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर मकान ढहने से बुजुर्ग महिला की मौत


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल शाह का पुरवा में मंगलवार को जर्जर मकान का हिस्सा ढहने से बुजुर्ग महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने करीब 15 मिनट तक मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

परिजनों के अनुसार, गंगादुलारी (68) आज कमरे में रखी लकड़ी निकालने गई थीं। इसी दौरान पहले जर्जर दीवार गिरी और इसके कुछ ही देर बाद छत भी भरभराकर नीचे आ गई। वह छत के मलबे में दब गईं। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर गंगादुलारी को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

गंगादुलारी के बेटे कुलदीप सिंह ने बताया कि उनके पिता कैलाश सिंह की करीब 13 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार में भाई शशि सिंह, भाभी गीता, पत्नी श्वेता और तीन बच्चे हैं। हादसे की जानकारी के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story