वैज्ञानिक खेती का गुर सीखने को 63 किसानों का दल पंतनगर रवाना

WhatsApp Channel Join Now
वैज्ञानिक खेती का गुर सीखने को 63 किसानों का दल पंतनगर रवाना


जौनपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के तहत अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण के लिए जिले के सभी 21 विकासखंडों से चयनित 63 किसानों का दल शुक्रवार को पंतनगर के लिए रवाना हुआ।

कृषि भवन परिसर से उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बस को हरी झंडी दिखाकर किसानों के दल को रवाना किया। किसान तीन से नौ अक्टूबर तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर (उत्तराखंड) में कृषि की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

इस दौरान तीन से छह अक्टूबर तक आयोजित अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में भी किसान प्रतिभाग करेंगे। इसे कृषि कुंभ के नाम से भी जाना जाता है। प्रशिक्षण में किसानों को गेहूं, दलहन और तिलहन फसलों की नवीन प्रजातियों, उन्नत खेती की तकनीक तथा प्राकृतिक खेती की पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा सब्जी उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन और डेयरी में दुग्ध उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। औषधीय फसलों की उपयोगिता और उनकी खेती के तौर-तरीकों से भी किसान परिचित होंगे। कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक रबी फसलों के उत्पादन से जुड़ी उन्नत तकनीकों की जानकारी देंगे।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार भ्रमण का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों और उन्नत उत्पादन विधियों से परिचित कराना है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में इनका उपयोग कर सकें। इस अवसर पर बस प्रभारी एटीएम अश्वनी कुमार, मोतीयरपुर एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी के शुभम मिश्र, अवर अभियंता पीयूष मौर्य, पटल सहायक सुरेंद्र शर्मा सहित 63 किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story