मुरादाबाद : छह घंटे की बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, गली-मोहल्लों के साथ कॉलोनियां जलमग्न
मौसम विशेषज्ञ बोले, गुरुवार को भी होगी बारिश
मुरादाबाद, 02 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में बुधवार को छह घंटे की लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बुधवार को लगभग रिकॉर्ड 240.37 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई। महानगर के तमाम मोहल्लों और पॉश कालोनियों तक जल भराव से लोग परेशान रहे। वहीं अगले 48 घंटे भारी वर्षा का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। इसके अलावा लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा का जलस्तर लगातार बढ़़ रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार, बुधवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस बारिश से न्यूनतम तापमान में एकदम दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। आने वाले दिनों में अगर इसी तरह बारिश होती रही तो शीत ऋतु का आगमन समय से पूर्व हो जाएगा।
बुधवार को सुबह 09 से दोपहर 03 बजे तक हुई बारिश के चलते महानगर की पॉश कॉलोनी में शुमार रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, मानसरोवर, बुद्धि विहार समेत शहर के तमाम इलाके जलमग्न नजर आए। प्रकाश नगर, हनुमान नगर, जयंतीपुर, पीतलबस्ती, कुंदनपुर, कटघर, वारसी नगर, बुध बाजार, रेती स्ट्रीट, भोलनाथ कॉलोनी, चंद्र नगर आदि इलाके जलभराव की चपेट में रहे।
मौसम विशेष प्रोफेसर एके सिंह का कहना है कि गुरुवार को भी मुरादाबाद में अधिक बारिश होगी। वैसे रविवार तक मुरादाबाद में बारिश का अलर्ट है। आने वाले सोमवार को धूप निकलने के साथ मौसम खुलने के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। रामगंगा के जलस्तर में बुधवार को भी बढ़त दर्ज की गई थी। आज जलस्तर 188.160 मीटर हो गया। जबकि खतरे का निशान 190.61 मीटर माना गया है। बाढ़ विभाग का मानना है कि यदि बरसात इसी तरह होती रही तो दो दिन में रामगंगा का जलस्तर और अधिक बढ़ सकता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

