एफएलएन प्रशिक्षण में 580 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
जौनपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मुंगरा बादशाहपुर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह के निर्देशन में प्राथमिक स्तर के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए संचालित फाउंडेशन लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) प्रशिक्षण रविवार को संपन्न हो गया। 20 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर यादव के उद्घाटन के साथ शुरू हुए प्रशिक्षण में छह चरणों में 12 बैच के माध्यम से कुल 580 शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण का जनपद स्तर पर जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) विशाल कुमार और जिला समन्वयक (एमडीएम) अरुण मौर्य ने अनुश्रवण किया। वहीं राज्य परियोजना कार्यालय के विद्या समीक्षा केंद्र द्वारा प्रशिक्षण की ऑनलाइन निगरानी की गई। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने भी समय-समय पर प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता संबंधी फीडबैक तथा प्री-ट्रेनिंग और पोस्ट-ट्रेनिंग टेस्ट की प्रक्रिया ज्ञान समीक्षा एप के माध्यम से ऑनलाइन पूरी कराई गई।प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं में बीआरसी स्टाफ के फूलचंद पटेल, अनूप मिश्रा, धीरेन्द्र और अंजनी मालवीय का योगदान रहा। संदर्भदाता के रूप में पुष्कर मिश्र, छोटेलाल मौर्य, जीतलाल बिंद, जय प्रकाश मौर्य और उपेंद्र सिंह ने शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

