मुरादाबाद में पहले दिन 5702 परीक्षार्थियों ने छोड़ी होमगार्ड की लिखित भर्ती परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में पहले दिन 5702 परीक्षार्थियों ने छोड़ी होमगार्ड की लिखित भर्ती परीक्षा


मुरादाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में शनिवार को कड़ी सुरक्षा में 28 परीक्षा केंद्रों पर पहली व दूसरी पाली की होमगार्ड लिखित परीक्षा हुई, जिसमें दोनों पालियों में 5702 परीक्षार्थियों ने होमगार्ड की लिखित भर्ती परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 2913 और दूसरी पाली में 2789 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा 26 और 27 अप्रैल को भी संपन्न होगी। शेष दो दिनों में 49,728 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

मुरादाबाद के जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि जनपद में होमगार्ड परीक्षा पहले दिन शनिवार को 28 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुई। जिले में आज दोनों पालियों में 24,864 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, जिसमें पहली पारी में 12432 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 9519 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 2913 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में 12432 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 9613 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 2789 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी।

जिले में अमरोहा, बरेली, बदायूं, बिजनौर, कासगंज, मेरठ, पीलीभीत, रामपुर, संभल और शाहजहांपुर समेत 11 जिलों के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पेपर पर परीक्षार्थियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सुनने को मिली। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी पेपर को लेकर आपस में चर्चा करते नजर आए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story