कॉरिडोर-2 में ट्रेनों की टेस्टिंग के लिए 570 मीटर लम्बा टेस्ट ट्रैक शुरू : सुशील कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कॉरिडोर-2 में ट्रेनों की टेस्टिंग के लिए 570 मीटर लम्बा टेस्ट ट्रैक शुरू : सुशील कुमार


कानपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। कॉरिडोर-2 की ट्रेनों के संचालन और रख-रखाव के लिए अत्याधुनिक डिपो विकसित किया जा रहा है। डिपो में पांच ट्रेनों की अनलोडिंग पूरी हो चुकी है और अब 570 मीटर लम्बे टेस्ट ट्रैक का निर्माण शुरू किया गया है। इस ट्रैक पर ट्रेनों की पूरी तरह मेनलाइन जैसी परिस्थितियों में जांच होगी। यात्रियों को सुरक्षित और सुचारु सेवा देना हमारी प्राथमिकता है। वर्कशॉप सहित सभी सुविधाएं आधुनिक तकनीक से तैयार की जा रही हैं। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) डिपो में ट्रैक निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में डिपो के अंदर लगभग 570 मीटर लम्बे टेस्ट ट्रैक का निर्माण कार्य आरम्भ किया गया है, जिस पर ट्रेनों को मेनलाइन पर संचालन से पहले परखा जाएगा। कॉरिडोर-2 डिपो में कुल 15 ट्रैकों का निर्माण किया जा रहा है, जिनका उपयोग अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित है। इनमें चार ट्रैक स्टेबलिंग, चार शंटिंग, दो वर्कशॉप, दो इंस्पेक्शन, एक कोच अनलोडिंग, एक पिट व्हील और एक टेस्ट ट्रैक के रूप में इस्तेमाल होगा। वर्तमान में स्टेबलिंग के लिए तीन, शंटिंग के लिए दो, वर्कशॉप के लिए एक और कोच अनलोडिंग के लिए एक ट्रैक का निर्माण पूरा किया जा चुका है। कॉरिडोर-2 के लिए प्रस्तावित 10 में से पांच ट्रेनें भी डिपो में पहुंच चुकी हैं।

डिपो में बनाए जा रहे इस टेस्ट ट्रैक पर मेनलाइन जैसा सिग्नलिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके तहत चार ट्रेन रेडियो एक्सेस एंटीना, चार सिग्नल, चार एक्सल काउंटर हेड और दो प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे, जिससे ट्रेनों की टेस्टिंग वास्तविक परिचालन जैसी परिस्थितियों में हो सके।

इस ट्रैक पर ट्रेनों के ब्रेक, स्पीड, सिग्नल रिस्पॉन्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी। साथ ही विभिन्न परिस्थितियों में ट्रेनों की कार्यक्षमता और स्थिरता का मूल्यांकन किया जाएगा। सभी परीक्षण पूरे होने के बाद ही ट्रेनों को मेनलाइन पर संचालन के लिए भेजा जाएगा।

डिपो में ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए 15 मीटर ऊंचे अत्याधुनिक वर्कशॉप का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसमें एचवीएलएस फैन, टर्बो वेंटिलेटर और सोलर पैनल जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story