मुरादाबाद : 54 वीं जनपदीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में दिखा विद्यार्थियों का हुनर

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : 54 वीं जनपदीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में दिखा विद्यार्थियों का हुनर


मुरादाबाद, 14 नवम्बर (हि.स.)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुलाबबाड़ी में शनिवार से लगाई गई दो दिवसीय 54 वीं जनपदीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण देखने को मिला। दो दिवसीय प्रदर्शनी में जिले के 47 स्कूलों के 165 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर, प्रबंधक बृजेश चंद्र सिंह, प्रधानाचार्य रवेंद्र कुमार और राजकीय इंटर कॉलेज हुसैनपुर छिरावाली की प्रधानाचार्य बबीता मेहरोत्रा ने किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अतिथियों का बैज और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य रवेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में गणित और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक सोच विकसित करते हैं। प्रदर्शनी का आयोजन एनसीईआरटी, राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद उत्तर प्रदेश और राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान प्रयागराज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

यहां से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन मंडल और फिर राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। निर्णायक मंडल में डॉ. योगेंद्र सिंह, डॉ. वीरेश कुमार, देवेंद्र कुमार जौहरी, आदेश कुमार, डॉ. अंशुल कुमार दुबे और डॉ. पूजा नारंग शामिल रहे। संचालन छात्र प्रिंस सैनी ने किया। इस मौके पर विज्ञान प्रभारी रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।

इन विषयों पर पेश किए मॉडल

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान और गणित से जुड़े विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। इसमें श्रेष्ठतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय मॉडलिंग एवं गणनात्मक सोच, स्वास्थ्य स्वच्छता एवं सफाई, स्वदेशी कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान और आपदा प्रबंधन शामिल हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776872 Articles

Share this story