बिल्हौर में 54 तालाबों की 10 साल के लिए नीलामी 20 अगस्त को : मनीष कुमार

WhatsApp Channel Join Now
बिल्हौर में 54 तालाबों की 10 साल के लिए नीलामी 20 अगस्त को : मनीष कुमार


कानपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर बढ़ाने और मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के लिए बिल्हौर तहसील क्षेत्र के 54 तालाबों, पोखरों, जलाशयों एवं जल प्रणालियों का 10 वर्षीय पट्टा आवंटित किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार ने कहीं।

उन्होंने बताया कि सभी जल निकायों की खुली नीलामी 20 अगस्त को सुबह 11 बजे तहसील सभागार बिल्हौर में कराई जाएगी। नीलामी उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली-2016 और शासन के संबंधित आदेशों के तहत होगी।दो हेक्टेयर से छोटे तालाबों के लिए न्यूनतम बोली पांच हजार रुपये प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष और दो हेक्टेयर या उससे अधिक क्षेत्रफल वाले तालाबों के लिए 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष निर्धारित की गई है। दो हेक्टेयर से बड़े तालाबों का आवंटन केवल पंजीकृत मत्स्य जीवी सहकारी समितियों के बीच किया जाएगा।

नीलामी में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को निर्धारित आरक्षित बोली की 10 प्रतिशत राशि अग्रिम जमानत के रूप में जमा करनी होगी। वहीं, सबसे अधिक बोली लगाने वाले प्रतिभागी को बोली समाप्त होते ही प्रथम वर्ष के लगान की पूरी धनराशि जमा करनी होगी।

आवेदन पत्र केवल नीलामी के दिन सुबह नौ से 11 बजे के बीच स्वीकार किए जाएंगे। आवेदकों को आवेदन के साथ अधिकतम छह माह पुराने नवीनतम आय और जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे। प्रक्रिया के दौरान संबंधित ग्रामों के लेखपाल और भूमि प्रबंधक समिति के अध्यक्ष स्थल रिपोर्ट के साथ मौजूद रहेंगे। पट्टा और नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस में तहसील बिल्हौर स्थित राजस्व निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story