पचास हजार का ईनामी अपराधी तमंचे के साथ गिरफ्तार
जौनपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मुंगराबादशाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जौनपुर पुलिस की थाना टीम ने 50,000 रुपये के ईनामी अपराधी को अवैध असलहे के साथ गुरुवार को सतहरिया स्थित कृष्णा कोल्ड स्टोरेज के पास से दबोचा गया।
इस मामले में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह द्वारा शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सुरागरसी-पतारसी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपित सोनू (25) पुत्र अली मोहम्मद, निवासी सतहरिया थाना मुंगराबादशाहपुर है। वह थाना अलीनगर जनपद चंदौली में पंजीकृत एक अभियोग में 50 हजार रुपये का ईनामी घोषित था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा (.12 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना मुंगराबादशाहपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसके खिलाफ पूर्व में गौहत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम तथा गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त से पूछताछ कर अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

