आदित्य बिरला इंटर्नशिप ड्राइव में सीएसजेएमयू के 50 छात्रों का चयन

WhatsApp Channel Join Now
आदित्य बिरला इंटर्नशिप ड्राइव में सीएसजेएमयू के 50 छात्रों का चयन


कानपुर, 25 मई (हि.स.)। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को बेहतर रोजगार एवं इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा किए जा रहे प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और आगे भी विभिन्न विभागों के लिए ऐसे अवसर बढ़ाए जाएंगे। यह बातें सोमवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने कहीं।

सीएसजेएमयू के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के माध्यम से सोमवार को आदित्य बिरला समर इंटर्नशिप कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के बीबीए, एमबीए एवं बीकॉम के 79 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

आदित्य बिरला ग्रुप की एचआर टीम द्वारा सबसे पहले प्री-प्लेसमेंट टॉक आयोजित की गई। इसके बाद प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया गया। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 50 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। चयनित छात्र-छात्राएं 45 से 60 दिनों तक आदित्य बिरला ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस में इंटर्नशिप करेंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से 3.5 लाख से 5.5 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी तक का प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी प्रदान किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से शुभकामनाएं दी गईं।

ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने चयनित छात्र-छात्राओं को शुभाशीष प्रदान किया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन श्री प्रतीक कनौजिया द्वारा किया गया, जबकि संचालन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी सौरभ गुप्ता ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story