दिल्ली–रेवाड़ी खंड में सात अक्टूबर को लिया जाएगा छह घंटे का यातायात ब्लॉक, चार ट्रेन होगी प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली–रेवाड़ी खंड में सात अक्टूबर को लिया जाएगा छह घंटे का यातायात ब्लॉक, चार ट्रेन होगी प्रभावित


मुरादाबाद, 04 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली–रेवाड़ी खंड में दिल्ली सराय रोहिल्ला–पटेल नगर –दिल्ली कैंट–पालम स्टेशनों के मध्य स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के कमीशनिंग कार्य हेतु सात अक्टूबर को छह घंटे का यातायात ब्लॉक लिया जाएगा। उक्त कार्य के कारण छह एवं सात अक्टूबर को तीन रेलगाड़ियों के परिचालन में परिवर्तन किया गया है और एक गाड़ी का पुनर्निर्धारण किया गया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि रेलगाड़ी संख्या 14321 बरेली–भुज एक्सप्रेस सात अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग -दिल्ली–रोहतक–भिवानी–रेवाड़ी मार्ग से होकर चलेगी। इस कारण निर्धारित मार्ग के दिल्ली सराय रोहिल्ला , दिल्ली कैंट, पालम, गुड़गांव, गढ़ी हरसरू, पटौदी रोड स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

रेलगाड़ी संख्या 14312 भुज–बरेली एक्सप्रेस छह अक्टूबर को रेवाड़ी–भिवानी–रोहतक–दिल्ली मार्ग से परिवर्तित होकर चलेगी। निर्धारित मार्ग के पटौदी रोड, गढ़ी हरसरू जंक्शन, गुड़गांव, पालम, दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। रेलगाड़ी संख्या 09203 वेरावल–हरिद्वार जंक्शन विशेष गाड़ी छह अक्टूबर को रेवाड़ी–भिवानी–रोहतक–दिल्ली मार्ग से परिवर्तित होकर चलेगी। निर्धारित मार्ग के गुड़गांव स्टेशन पर ठहराव प्रभावित रहेगा। रेल गाड़ी संख्या 15715 किशनगंज-अजमेर जंक्शन गरीब नवाज एक्सप्रेस छह अक्टूबर को किशनगंज से सुबह 05:50 बजे के स्थान पर पुनर्निर्धारित होकर सुबह 08:30 बजे चलेगी अर्थात अपने निर्धारित समय से 02 घंटे 40 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story