नोएडा के विभिन्न स्थानों पर लगेंगे 48 ई-वाहनों के चार्जिंग स्टेशन

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा के विभिन्न स्थानों पर लगेंगे 48 ई-वाहनों के चार्जिंग स्टेशन


नोएडा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा विकास प्राधिकरण ने 48 स्थानों पर ई-वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए एक कंपनी के साथ समझौता किया है। खास बात यह है कि करीब 20 दिन पहले एक कंपनी के साथ 30 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए भी एमओयू हुआ था, लेकिन उनके लगने की अब तक शुरुआत नहीं हुई।

नोएडा विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने साेमवार काे बताया कि शहर में ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण करने के उद्देश्य से शहर में 100 ईवी वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने हैं। अब तक शहर में 78 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए दो कंपनियों से अनुबंध हो चुके हैं। अगले छह महीने में ये चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। इनके लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से एमिटी विश्विविद्यालय के पास, नोएडा स्टेडियम की पार्किंग, सेक्टर-2 अग्निमशन विभाग का दफ्तर, सेक्टर-16ए फिल्म सिटी, सेक्टर-16, 18 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-24 ईएसआई अस्पताल के सामने, सेक्टर-142 एडवांट बिल्डिंग, सेक्टर-82 एचपी पेट्रोल पंप समेत अन्य स्थान शामिल हैं।

महाप्रबंधक ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन शुरू होने से शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एमओयू 10 साल के लिए किया गया है। इसको भविष्य में बढ़ाया जा सकता है। चार्जिंग स्टेशन लगाने पर जो खर्च आएगा, उसे आईटीआई लिमिटेड की ओर से वहन किया जाएगा। प्राधिकरण सिर्फ जगह उपलब्ध कराएगा। इसके अतिरिक्त प्राधिकरण से कोई वित्तीय सहायता नहीं दी जाएगी।

खास बात यह है कि प्राधिकरण ने पिछले महीने 24 सितंबर को 30 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्टक्चर लिमिटेड से एमओयू किया था। महत्वपूर्ण यह है कि इन स्टेशन की अभी तक लगने की शुरुआत भी नहीं हुई है। इस मामले में प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह का कहना है कि इस कंपनी के माध्यम से भी जल्द स्टेशन लगवाने की शुरुआत की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story