गरीब मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 47.87 लाख की मदद

WhatsApp Channel Join Now
गरीब मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 47.87 लाख की मदद


कानपुर, 15 मार्च (हि.स.)। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के लिए आर्थिक सहारा दिलाने में भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी के प्रयास जारी हैं। उनके प्रयास से मुख्यमंत्री राहत कोष से 52 गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए कुल 47,87,500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई है।

विधायक बनने के बाद वर्ष 2022 से अब तक यह 23वां अवसर है जब उन्होंने गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को समय पर आर्थिक मदद दिलाने में भूमिका निभाई है। इससे कई परिवारों को इलाज का सहारा मिला है और आर्थिक संकट के बीच मरीजों को राहत मिल सकी है।

विधायक ने रविवार को कहा कि उनका प्रयास रहता है कि किसी भी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज के अभाव में अपनी जान न गंवानी पड़े। कई बार आर्थिक तंगी के कारण अस्पतालों में इलाज रुक जाता है, जिससे परिवारों को गहरा संकट झेलना पड़ता है। ऐसे समय में यदि समय पर आर्थिक सहायता मिल जाए तो मरीज की जान बचाई जा सकती है और परिवार के आंसू थम जाते हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, सीवर और पार्क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, लेकिन यदि किसी परिवार के सदस्य की जान बचाने में आर्थिक मदद मिल सके तो उससे बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग से यह पुनीत कार्य लगातार जारी है और आगे भी जरूरतमंदों को राहत दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।

विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से गरीब मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता मिल पा रही है और कई परिवारों को नई उम्मीद मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story