बाढ़ प्रभावित 422 किसानों को मिले चेक, आपदा पीड़ितों को 78.52 लाख की मदद

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ प्रभावित 422 किसानों को मिले चेक, आपदा पीड़ितों को 78.52 लाख की मदद


कानपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों व परिवारों को राहत देने के लिए जिले में 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बाढ़ से प्रभावित 422 किसानों को कृषि निवेश अनुदान के चेक वितरित किए। वहीं, बारिश के कारण हुई जनहानि और मकानों को नुकसान पहुंचने के मामलों में भी प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए पात्र लोगों तक सहायता पहुंचाना जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि राहत वितरण में देरी न हो और किसी भी पात्र प्रभावित को सरकारी सहायता से वंचित न रखा जाए। कार्यक्रम में गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

गंगा नदी में आई बाढ़ से सदर तहसील के हिन्दूपुर, चिरान, प्रतापपुर हरि, पृथ्वीगंज और कटरी ख्योरा गांवों में खेती प्रभावित हुई थी। इन पांच गांवों के 387 किसानों को कुल सात लाख 73 हजार 375 रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया गया। यहां 22.4761 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचा था।

उधर, नर्वल तहसील के देवसढ़ गांव के मजरा खेड़ा डोमनपुर में पांडु नदी की बाढ़ से प्रभावित 35 किसानों को 98 हजार 173 रुपये की सहायता मिली। इस क्षेत्र में 5.0607 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई थी। दोनों तहसीलों के 422 किसानों को कुल आठ लाख 71 हजार 548 रुपये दिए गए। प्रभावित कृषि क्षेत्र का कुल रकबा 27.5368 हेक्टेयर है। सहायता पाने वाले किसानों में संबूदयाल, जगदीश, तुलसीराम, मुन्ना, राकेश, कालीचरण, रमेश, जगन्नाथ, सुरेश और सैम शामिल रहे।---------------

जिले में एक अप्रैल से अब तक अतिवृष्टि के कारण हुई 15 जनहानियों के मामलों में प्रभावित परिवारों को 60 लाख रुपये की सहायता दी गई है। बारिश से मकानों को हुए नुकसान के लिए भी अलग-अलग श्रेणियों में अनुदान स्वीकृत किया गया। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 207 कच्चे मकानों के लिए आठ लाख 28 हजार रुपये और पांच पक्के मकानों के लिए 32 हजार 500 रुपये दिए गए। इसके अलावा पूरी तरह क्षतिग्रस्त एक कच्चे मकान के लिए एक लाख 20 हजार रुपये की मदद दी गई।

जनहानि और आवासीय क्षति के मद में कुल 69 लाख 80 हजार 500 रुपये वितरित किए गए। किसानों को दिए गए कृषि निवेश अनुदान को शामिल करने पर कुल सहायता राशि 78 लाख 52 हजार 48 रुपये हो गई है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759482 Articles

Share this story