42 प्रमुख चौराहों का होगा कायाकल्प, जाम से मिलेगी राहत : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
42 प्रमुख चौराहों का होगा कायाकल्प, जाम से मिलेगी राहत : जिलाधिकारी


कानपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर शहर के प्रमुख चौराहों को व्यवस्थित कर यातायात व्यवस्था सुगम बनाई जाएगी। इसके लिए लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड और रोड मार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रोजेक्ट गिफ्ट के तहत शहर के 42 प्रमुख चौराहों को सुधारकर जाम की समस्या कम करने की योजना है। यह बातें मंगलवार को बड़ा चौराहा और घंटाघर चौराहे के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।

उन्होंने दोनों चौराहों की मौजूदा यातायात व्यवस्था, वाहनों के आवागमन और जाम की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को निर्देश दिए कि चौराहों की भौतिक स्थिति और यातायात संबंधी जरूरतों का आकलन कर सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाए। ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे वाहनों का आवागमन सुचारु रहे और लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि चौराहों के विकास में सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराएं। प्रोजेक्ट गिफ्ट का उद्देश्य शहर में यातायात को व्यवस्थित करने के साथ जाम कम करना और नागरिकों को सुरक्षित व सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और गिफ्ट प्रोजेक्ट के कंसल्टेंट स्टूडियो अर्बनलिंक एलएलपी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story