जनवरी तक कानपुर के 40 चौराहों का होगा कायाकल्प, जाम से मिलेगी निजात

WhatsApp Channel Join Now
जनवरी तक कानपुर के 40 चौराहों का होगा कायाकल्प, जाम से मिलेगी निजात


कानपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर के 40 प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जनवरी 2027 तक आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ‘प्रोजेक्ट गिफ्ट’ के तहत लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड और रोड मार्किंग कराई जाएगी। सभी चौराहों के साइट प्लान तैयार होने के साथ डीपीआर और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन न करने पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। यह बातें शुक्रवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चौराहों पर सुधार कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य यातायात को व्यवस्थित करना, जाम की समस्या कम करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को घटाना है। लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम और कानपुर विकास प्राधिकरण को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया।

40 चौराहों पर विकसित होंगी सुविधाएं

प्रथम चरण में रामादेवी, टाटमिल, रावतपुर, घंटाघर, डिप्टी पड़ाव, मूलगंज, सरसैया घाट, एलएलआर अस्पताल, आर्य नगर, बंगला भवन, फजलगंज, चावला मार्केट, नंदलाल, सचान, बर्रा बाईपास, शास्त्री चौक, विजय नगर, शिवली, जरीब चौकी और अफीम कोठी चौराहे शामिल हैं।

इसके अलावा गोल चौराहा, बारा देवी, डबल पेट्रोल पंप, नौबस्ता, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट, दासू कुआं, नरोना, फूलबाग, कल्याणपुर मेट्रो स्टेशन तिराहा, केंद्रांचल, चंद्रिका देवी, गुमटी नंबर-पांच, जूही नहरिया, बकरगंज, नमक फैक्ट्री, जाजमऊ, किदवई नगर, नयागंज और कोका-कोला चौराहे पर भी यातायात सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर कार्रवाई

बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम संबंधी निर्देशों का पालन नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित एआरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं के ऑडिट संबंधी निर्देशों की अनदेखी पर लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिशासी अभियंता को भी नोटिस जारी करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों की सूची संबंधित थानों को उपलब्ध कराने, फिटनेस की नियमित जांच, चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। छात्राओं को लेकर चलने वाली स्कूली बसों में महिला कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा।

ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं और जनहानि का विस्तृत ऑडिट कराकर कारणों का विश्लेषण करने तथा आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी (नगर) समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765759 Articles

Share this story