डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली काे मारी टक्कर, सास-बहू समेत चार की मौत, शादी के घर में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली काे मारी टक्कर, सास-बहू समेत चार की मौत, शादी के घर में पसरा मातम


मुरादाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले के थाना मैनाठेर क्षेत्र में मुरादाबाद-संभल मार्ग पर शुक्रवार काे हुए एक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। असदपुर पुलिया के पास तेज रफ्तार डंपर ने भात देकर लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में सास-बहू समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के भटोला गांव निवासी उषा अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में परिवार के साथ मैनाठेर के गुरेर गांव आई थी। यहां उसके भाई तेज प्रकाश और सतीश के घर भात का कार्यक्रम था। गुरुवार रात सभी लोग वहीं रुके और शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली असदपुर पुलिया के पास पहुंची, मुरादाबाद की ओर से आ रहे मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली में सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में मासूम अजीत (10), शांति देवी (55), सुमन (30) और एक अन्य महिला की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हाेंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां सभी का इलाज जारी है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपित चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक देहात ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्हाेंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story