जनगणना कार्मिकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
फर्रुखाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण “जनसंख्या गणना (जनगणना)” के तहत शिक्षकों का 03 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में संलग्न कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश एवं जनपद की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ों का संग्रहण किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा आमजनमानस के कल्याण से संबंधित नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में जनपद के सभी संबंधित कार्मिकों द्वारा सराहनीय कार्य किया गया है। इसी भावना, जिम्मेदारी एवं कार्यकुशलता के साथ द्वितीय चरण के कार्यों को भी संपादित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के द्वितीय चरण में आंकड़ों के संग्रहण, उनकी शुद्धता तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिजिटल फीडिंग पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रत्येक कार्मिक यह सुनिश्चित करे कि निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं का संकलन सावधानीपूर्वक एवं त्रुटिरहित ढंग से किया जाए, जिससे जनगणना से प्राप्त आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे।
उन्होंने बताया कि जनगणना अभियान के अंतर्गत 16 नवम्बर से 20 नवम्बर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जानी है, इस दौरान अधिक से अधिक नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें इस प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाए। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी आवश्यक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे आगामी गणना कार्य को सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 01 दिसम्बर से 31 दिसम्बर 2026 तक प्रस्तावित जनसंख्या गणना के कार्य को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित कार्मिक अभी से आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी पहलुओं को ध्यानपूर्वक समझें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर प्रशिक्षकों से उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें। प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग क्षेत्र में वास्तविक गणना कार्य करते समय किया जाए, ताकि सूचनाओं के संकलन एवं फीडिंग में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
द्वितीय चरण के लिए निर्धारित प्रमुख समय-सारणी
1. गणना ब्लॉकों का गठन एवं अंतिम रूप देना 20 सितंबर 2026 तक
2. जनपद/चार्ज स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण 15 एवं 16 सितंबर 2026
3. फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण 10 अक्टूबर 2026 तक
4. गणना ब्लॉकों का आवंटन 31 अक्टूबर 2026 तक
5. प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण 07 नवंबर 2026 तक
6. विद्यालयों एवं संस्थानों की सहभागिता – 07 नवंबर 2026 तक
7. स्व-गणना (Self Enumeration) 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक
8. जनसंख्या गणना (Population Enumeration) 1 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक
09. जनगणना हेतु संदर्भ तिथि 05 जनवरी 2027, समय 00:00 बजे
10. पुनरीक्षण कार्य – 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर तहसीलदार सदर विक्रम सिंह, प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजीव सिंह, जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

