उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को मनेगा ‘हरियाली उत्सव, एक दिन में लगेंगे 35 करोड़ पौधे

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को मनेगा ‘हरियाली उत्सव, एक दिन में लगेंगे 35 करोड़ पौधे


लखनऊ, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई (रविवार) को पौधरोपण महाभियान चलाकर हरियाली उत्सव‘ मनाया जाएगा। 26 विभागों के सहयोग से पूरे प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यह जानकारी वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने सोमवार को प्रदेश सरकार के मंत्रियों संग वृक्षारोपण महायज्ञ 2026 की सफलता को लेकर आयोजित बैठक के बाद दी।

वन मुख्यालय के पारिजात सभागार में वन मंत्री ने कृषि, उच्च, माध्यमिक, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, पशुधन, उद्यान विभागों के मंत्रियों संग की बैठक।

वन मंत्री ने कहा कि केंद्र-प्रदेश सरकार के विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्कूलों-कॉलेजों समेत व्यापक जनसहभागिता से उत्सव के रूप में महाभियान चलेगा। नोडल विभाग (वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन) सर्वाधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा, ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान 1.50 करोड़, पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ पौधे लगाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे भी 5.50 लाख पौधे लगेंगे। इस वर्ष समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन, कपि वन समेत अनेक नवीन वन स्थापित किए जाएंगे। अभियान का प्रमुख हिस्सा मिशन छाया, अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा, आम भंडारा भी होगा। मिशन छाया के तहत गर्मी से राहत देने के लिए सड़क किनारे व सार्वजनिक स्थलों पर छायादार पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा 15 अगस्त को वंदे मातरम वाटिका, 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर भाई-बहन पौधरोपण व 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ भी लगाया जाएगा।

वन मंत्री ने कहा कि लगभग दो हजार नर्सरियों में 57.62 करोड़ से अधिक पौधे तैयार हैं। इन पौधों को भी अब वितरित किया जाएगा।

कृषि मंत्री, उत्तर प्रदेश सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि स्वस्थ पौधों की आपूर्ति सभी विभागों को ससमय कर दी जाए हर विभाग अपनी संरचनात्मक रणनीति व प्लान तैयार करें।

मंत्री, पशुधन, डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि गौवंश को छाया व चारा उपलब्ध कराने हेतु गौआश्रय स्थलों पर विकसित किये जा रहे गोपाल वन में छायादार एवं चारा प्रजातियों का रोपण की सफलता व सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

मंत्री, उच्च शिक्षा, योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि फलदार छायादार व औषधीय प्रकार के वृक्षारोपण की प्राथमिकता दी जाए एवं छात्र पौधों से भावनात्मक जुड़ाव रखते हुए वृक्षारोपण में अत्यधिक योगदान दें।

मंत्री, पंचायतीराज, ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि खाली पड़ी, सामान्य/बंजर (ऊसर) भूमि को पौधारोपण कर संतृप्त किया जाए एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर पेड़ लगाने हेतु समस्त को प्रेरित किया जाए।

मंत्री, उद्यान, दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ को उत्सव के रूप में मनाया जाए तथा फलदार प्रजाति के पौधों के रोपण को अत्यधिक प्राथमिकता दी जाए। उद्यान विभाग को पौधशालाओं में जो पौधे उपलब्ध है वह भी वृक्षारोपण में दिए जायेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story