पीएम पोषण योजना से लाभान्वित होंगी मुरादाबाद की 3404 रसोइयां

WhatsApp Channel Join Now
पीएम पोषण योजना से लाभान्वित होंगी मुरादाबाद की 3404 रसोइयां


मुरादाबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को दिए गए उपहार के अंतर्गत मुरादाबाद जनपद की करीब 3404 रसोइयां लाभान्वित हो रही है। रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम पोषण योजना के तहत कुछ रसोइया को तीन-तीन हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य रामगोपाल अंजान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के द्वारा रसोइयों का मासिक मानदेय दाे हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। पूर्व की सरकार में यह एक हजार रुपये हुआ करता था। रसोइया को आयुष्मान योजना के तहत प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज देने की सुविधा दी जा रही है। इनके परिवार के लिए बिना किसी प्रीमियम के दाे लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया गया है। साड़ी या ड्रेस के लिए मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक हजार रुपये प्रति वर्ष कर दिया गया है। इस अवसर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया और मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story