बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 44 प्रतिशत मतदान

WhatsApp Channel Join Now
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 44 प्रतिशत मतदान


कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। दाेपहर एक बजे तक 44 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पांच मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

बिठूर के 10 वार्डों में कुल 10 बूथ बनाए गए हैं, जबकि मतदान के लिए पांच केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदाता सुबह से ही केंद्रों पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। अब तक सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान होने की जानकारी है। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

डीसीपी पश्चिम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

उपचुनाव की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए। किसी भी तरह की अव्यवस्था सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान एसीपी कल्याणपुर समेत संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय निर्मला सिंह के बड़े बेटे राणा समरेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वह बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई हैं। कांग्रेस की ओर से प्रदीप द्विवेदी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी भी मैदान में हैं। अन्य प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा हर्ष द्विवेदी प्रदीप कुमार दिवाकर सरोज देवी और सीमा हैं।

पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला सिंह के निधन के बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया था। इसी कारण उपचुनाव कराया जा रहा है। इस चुनाव में कुल 9474 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद 15 अक्टूबर को मतगणना होगी, जिसके बाद अध्यक्ष पद के नए विजेता की तस्वीर साफ होगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759917 Articles

Share this story