सीएसआईआर-यूजीसी नेट में चमके विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, 30 से अधिक ने पाई सफलता

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय अंतर्गत वनस्पति विज्ञान, प्राणिविज्ञान विभाग, गणित, रसायन, भौतिकी एवं बायोटेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इस वर्ष इन विभागों से 30 से अधिक विद्यार्थियों ने नेट उत्तीर्ण किया है, जिनमें से अद्यतन सूचना के अनुसार करीब 15 विद्यार्थियों ने जेआरएफ तथा शेष ने नेट एवं पीएचडी श्रेणी में सफलता प्राप्त की है।

यह उपलब्धि विभागों की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोधपरक वातावरण एवं सतत अकादमिक मार्गदर्शन का प्रमाण है। वनस्पति विज्ञान विभाग से सफल अभ्यर्थियों में मोहिनी कुमारी ने ऑल इंडिया रैंक 26, दीपचंद ने ऑल इंडिया रैंक 40 तथा रसायन विज्ञान विभाग अरुण प्रताप वर्मा ने 43वीं रैंक एवं सत्यव्रत पाण्डेय ने 61 वीं रैंक हासिल कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उल्लेखनीय है कि इस वनस्पति विज्ञान विभाग से सफल अभ्यर्थियों में आठ अधिक से अधिक छात्राएँ शामिल हैं, जो विज्ञान एवं शोध के क्षेत्र में छात्राओं की बढ़ती सहभागिता को दर्शाता है.

इसी प्रकार प्राणिविज्ञान विभाग से पांच विद्यार्थियों ने जेआरएफ परिणाम में सफलता पाई है तथा शेष ने नेट योग्यता अर्जित की है। इस विभाग से सफल अभ्यर्थियों में चार छात्राएँ शामिल हैं। भौतिकी विभाग से लगभग छह जेआरएफ एवं नेट तथा रसायन विज्ञान के लगभग तीन विद्यार्थियों ने जेआरएफ व नेट में सफलता पाई हैं. वहीं गणित विभाग से तीन और बायोटेक्नोलॉजी से एक ने नेट के लिए योग्यता प्राप्त की है।

सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने गुरुवार कओ कहा- यह उत्कृष्ट परिणाम विश्वविद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समर्पित संकाय मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की कठोर मेहनत का प्रतिफल है। यह सफलता भविष्य में शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में और अधिक प्रेरणा प्रदान करेगी।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रतिकुलपति प्रो शांतनु रस्तोगी, डीएसडब्ल्यू प्रो अनुभूति दुबे, डीन प्रो अजय सिंह वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो अनिल द्विवेदी, प्राणि विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो रविकांत उपाध्याय, रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो उमेश नाथ त्रिपाठी, बायोटेक्नोलॉजी के अध्यक्ष प्रो दिनेश यादव, गणित विभागाध्यक्ष प्रो उमा श्रीवास्तव सहित सभी विभागीय शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story