30 स्टार्टअप को 2.64 करोड़ की मदद, किसानों और पर्यावरण को मिला लाभ : प्रत्युष मेहरोत्रा

WhatsApp Channel Join Now
30 स्टार्टअप को 2.64 करोड़ की मदद, किसानों और पर्यावरण को मिला लाभ : प्रत्युष मेहरोत्रा


कानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि, स्वच्छ ऊर्जा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए एसबीआई फाउंडेशन और आईआईटी कानपुर ने 30 स्टार्टअप को 2 करोड़ 64 लाख रुपये की अनुदान सहायता दी है। इन स्टार्टअप के जरिए 8,000 से अधिक किसानों को लाभ पहुंचा है और 2,000 टन से अधिक कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिली है। यह बातें बुधवार को एसबीआई फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी प्रत्युष मेहरोत्रा ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के नोएडा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।

आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) और एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से ‘एसबीआईएफ लीप: इनोवेटर्स फॉर भारत डेमो डे एंड इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्टार्टअप संस्थापकों, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। स्टार्टअप ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया और निवेश व व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम के तहत कृषि प्रौद्योगिकी के 20, स्वच्छ प्रौद्योगिकी के पांच और स्वास्थ्य सेवा के पांच स्टार्टअप को मदद दी गई। शुरुआती चरण के 24 स्टार्टअप को आठ-आठ लाख रुपये और विकास के अगले चरण के छह स्टार्टअप को 12-12 लाख रुपये दिए गए।

इन स्टार्टअप के प्रयासों से 960 से अधिक महिलाओं को लाभ मिला और 195 से अधिक लोगों को रोजगार मिला। इनके नवाचारों से 2,000 टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम करने में मदद मिली। इसके अलावा, 3,000 टन से अधिक कृषि अपशिष्ट से स्वच्छ जैव ईंधन तैयार किया गया और पराली जलाने से 800 एकड़ कृषि भूमि को बचाने में मदद मिली।

स्वास्थ्य क्षेत्र के स्टार्टअप ने 4,000 से अधिक लोगों को जांच और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। आठ से अधिक पेटेंट के लिए आवेदन किया गया है या पेटेंट हासिल किए गए हैं। सात स्टार्टअप की संस्थापक या मुख्य कार्यकारी अधिकारी महिलाएं हैं।

कारोबार के स्तर पर नौ स्टार्टअप ने कमाई और नए ग्राहक बनाने के जरिए प्रगति की है। दस स्टार्टअप दूसरी कंपनियों के साथ उत्पादों का परीक्षण कर रहे हैं, जबकि 11 ने शुरुआती नमूने तैयार कर लिए हैं।

कार्यक्रम में प्रत्युष मेहरोत्रा ने निवेशकों और एसआईआईसी की टीम के साथ स्टार्टअप के स्टॉल का दौरा किया और संस्थापकों से उनके उत्पादों की उपयोगिता की जानकारी ली। आठ स्टार्टअप की 14 निवेश संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी हुईं। इनमें निवेश, साझेदारी और उत्पादों को बड़े स्तर पर पहुंचाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत एसआईआईसी के सीईओ डॉ. आशुतोष अग्निहोत्री के स्वागत संबोधन से हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768559 Articles

Share this story