ई- लॉटरी से 30 शराब की दुकानों का आवंटन, 28 करोड़ का प्राप्त हुआ राजस्व

WhatsApp Channel Join Now
ई- लॉटरी से 30 शराब की दुकानों का आवंटन, 28 करोड़ का प्राप्त हुआ राजस्व


नोएडा, 10 अप्रैल (हि.स.)। जनपद गौतमबुद्धनगर में आबकारी नीति 2026-27 के तहत देशी मदिरा, मॉडल शॉप और कंपोजिट श्रेणी की 30 दुकानों का ई-लॉटरी से ऑनलाइन आवंटन किया गया। विभाग को करीब 28 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। ई-लॉटरी के दौरान आवेदकों के लिए पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रसारण किया गया।

देशी मदिरा की 24 दुकान, मॉडल शॉप की 04 दुकानें और कंपोजिट की 02 दुकानें समेत 30 दुकानों का आवंटन किया। जिला स्तरीय चयन समिति की देखरेख में ई-लॉटरी से ऑनलाइन आवंटन किया। पूरी प्रक्रिया का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभागार और परिसर में सीधा प्रसारण किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि देशी मदिरा की 24 दुकानों के लिए 3,535 आवेदन आए थे। कंपोजिट मदिरा की 2 दुकानों के लिए 507 और मॉडल शॉप की 04 दुकानों के लिए 05 आवेदन मिले। इनके लिए कुल 4,047 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों से विभाग को लगभग 28 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, सहायक आबकारी आयुक्त समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story