30वें दीक्षांत समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम-एसएसपी ने किया व्यापक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
30वें दीक्षांत समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम-एसएसपी ने किया व्यापक निरीक्षण


30वें दीक्षांत समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम-एसएसपी ने किया व्यापक निरीक्षण


30वें दीक्षांत समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, डीएम-एसएसपी ने किया व्यापक निरीक्षण


जौनपुर,26 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा उपकरणों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा सुरक्षा के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने समारोह में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें तथा पूरी सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। प्रशासन का कहना है कि राज्यपाल के आगमन और दीक्षांत समारोह को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story