गोरखपुर मंडल की सात चीनी मिलों पर 26214.40 लाख गन्ना मूल्य बकाया
गोरखपुर, 13 मई (हि.स.)। गोरखपुर मंडल के चार जनपदों की सात चीनी मिलों पर सत्र 3022-23 का 26214.40 लाख गन्ना मूल्य बकाया है। इनमें गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर चीनी मिलें शामिल हैं। हालांकि 12 मई तक 97427.45 लाख गन्ना मूल्य भुगतान हुआ है। यह कुल गन्ना मूल्य का 78.80 प्रतिशत है। बावजूद इसके इन चीनी मिलों पर अभी भी 26214.40 लाख रुपया बकाया है।
इन चीनी मिलों ने की है पेराई
गोरखपुर मंडल के चार जनपदों में इस सत्र में सिर्फ सात चीनी मिलों ने ही पेराई की। गोरखपुर (पिपराइच), महराजगंज (सिसवा) और देवरिया (प्रतापपुर) में एक-एक चीनी मिल चली। कुशीनगर में चार चीनी मिलों-रामकोला पी, सेवरही, खड्डा और न्यू सुगर मिल ढाढा ने पेराई की। आंकड़ें बता रहे हैं कि इन सभी चीनी मिलों पर 123641.85 लाख रुपया गन्ना मूल्य हुआ, जिसमें से 26214.40 लाख रुपया बकाया है।
इन पर है सबसे अधिक बकाया
इन सात चीनी मिलों में सबसे अधिक बकाया गोरखपुर की पिपराइच, देवरिया की प्रतापपुर और कुशीनगर की सेवरही चीनी मिल पर है। इन तीनों चीनी मिल पर ही 21621.10 लाख रुपये बकाया है।
भुगतान में कुशीनगर के हाटा-रामकोला (पी.) सबसे आगे
कुशीनगर जिले की हाटा चीनी मिल ने 96.05 और रामकोला पंजाब ने 99.55 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। खड्डा चीनी मिल ने भी 81.99 फीसदी गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। सेवरही चीनी मिल गन्ना मूल्य भुगतान में काफी पीछे है। इस चीनी मिल ने अभी तक सिर्फ 62.03 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। सेवरही चीनी मिल पर गन्ना किसानों का अभी भी 10392.44 लाख रुपया बकाया है। महराजगंज जिले की सिसवा चीनी मिल ने 82.43 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। इस चीन मिल पर 1718.89 लाख रुपया बकाया है। देवरिया की प्रतापपुर चीनी मिल ने अभी तक सिर्फ 29.98 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। इस चीनी मिल पर किसानों का 2540.53 लाख रुपया बकाया है। गोरखपुर की पिपराइच चीनी मिल ने अभी तक सिर्फ 42 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। चीनी मिल पर गन्ना किसानों का 8688.13 लाख रुपया बकाया है।
यूपी की चीनी मिलों ने इतनी की पेराई
उत्तर प्रदेश में 119 चीनी मिलों ने गन्ना सत्र 2022-23 में 1076.23 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करते हुए 103.49 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। इन चीनी मिलों पर कुल गन्ना मूल्य 27357.30 लाख रूपये हुआ जिसमें से 75.38 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार/डा. आमोदकांत/राजेश

