गोमती घाट पर जले 25 हजार दीप, लेजर शो से जगमगाया जौनपुर
जौनपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा के उपलक्ष्य में गुरुवार को जौनपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत शाम को गोमती घाट पर 25 हजार दीप एक साथ जलाए गए। दीपों की रोशनी से गोमती घाट जगमगा उठा। इस दौरान आयोजित लेजर लाइट शो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव और विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशु ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। लेजर शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़े प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया।
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विभिन्न जनकल्याणकारी और विकासपरक योजनाएं संचालित हो रही हैं। इन योजनाओं से आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रसेवा का उल्लेख करते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन, ऐतिहासिक शाही किला, पुलिस लाइन, इंदिरा गांधी स्टेडियम, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, लोहिया पार्क, रोडवेज बस स्टैंड, मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर पार्क और गांधी तिराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

