रनिंग रेल कर्मचारियों के माइलेज भत्ते में 25 प्रतिशत बढ़ोत्तरी

WhatsApp Channel Join Now
रनिंग रेल कर्मचारियों के माइलेज भत्ते में 25 प्रतिशत बढ़ोत्तरी


मुरादाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। रेलवे के रनिंग कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लम्बे समय से चल रहे संघर्ष के बाद अब उनके माइलेज रेट में 25 प्रतिशत की वृद्धि का रास्ता साफ हो गया है। यह फैसला सातवें वेतन आयोग के उस नियम के अनुरूप है, जिसमें 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता होने पर सभी भत्तों में 25 प्रतिशत बढ़ोत्तरी का प्रावधान किया गया था। हालांकि अन्य भत्तों में वृद्धि लागू हो चुकी थी, लेकिन रनिंग कर्मचारियों के माइलेज रेट में बढ़ोत्तरी नहीं की जा रही थी।

नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के मंडल मंत्री राजेश चौबे और उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह का कहना है कि यह बढ़ोत्तरी एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे आर्थिक राहत मिलेगी।

इसे लेकर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन और उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन लगातार संघर्ष कर रहे थे। जोनल से लेकर मंडल स्तर तक आंदोलन और प्रयास जारी रहे। एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा और एनएफआईआर के महामंत्री डॉ. एम रघुवैया, उरमू के महामंत्री बीसी शर्मा ने नेतृत्व किया। अब मांग पूरी होने पर नरमू व उरमू के पदाधिकारियों ने आज सभी साथी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story