जिले के 6.86 लाख किसानों के खातों में पहुंची किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त

WhatsApp Channel Join Now
जिले के 6.86 लाख किसानों के खातों में पहुंची किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त


जिले के 6.86 लाख किसानों के खातों में पहुंची किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त


जौनपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को जिले के 6 लाख 86 हजार 146 किसानों के खातों में भेजी गई। प्रत्येक किसान के खाते में दो-दो हजार रुपये की धनराशि पहुंचने से अन्नदाताओं के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित किसानों ने देखा और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिले के किसानों के खातों में कुल करीब 123 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई है। अब तक जनपद के कुल 9,55,807 लाभार्थियों को योजना के तहत 3,142.06 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को निःशुल्क मसूर के मिनीकिट बीज भी वितरित किए। उन्होंने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्ट्रेट के अलावा कृषि विज्ञान केंद्र और जिले के सभी विकास खंडों में भी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का संचालन आत्मा प्रभारी डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया।

इस मौके पर उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार, कमलजीत सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुरेंद्र प्रताप सोनकर सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769436 Articles

Share this story