22 जुलाई के बूथ सम्मेलन की तैयारियों में जुटी भाजपा, कृषि मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
22 जुलाई के बूथ सम्मेलन की तैयारियों में जुटी भाजपा, कृषि मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश


देवरिया, 18 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 22 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित होने वाले विधानसभा क्षेत्रवार बूथ स्तरीय सम्मेलनों की तैयारियों को लेकर शनिवार को विकास खंड पथरदेवा सभागार में बैठक आयोजित की। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

कृषि मंत्री ने मंडल पदाधिकारियों, सेक्टर संयोजकों और शक्ति केंद्र प्रभारियों के साथ सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां निभाने और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में सम्मेलन की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा पथरदेवा मंडल अध्यक्ष हरीश शाही ने की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, नथुनी कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष जिप्पु शाही, प्रधान संघ अध्यक्ष मुरारी मोहन शाही, नगर पंचायत अध्यक्ष क्रांति सिंह, संजीत धर द्विवेदी, अवनीश पाठक, दयाशंकर शास्त्री, मंडल उपाध्यक्ष रविंद्र कुशवाहा, भीम यादव, विवेक राय, संतोष राय, रामायण साहनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story